Friday, 10 October 2014

फासले इस क़दर दरमियाँ हो गए

फासले इस क़दर दरमियाँ हो गए,
आज़ माँ-बाप भी मेहमाँ हो गए।

खून से जो रहे सींचते उम्र भर,
दरकिनार आज़ वो बागबाँ हो गए।

दायरे-दिल में जिनका मकाँ था कभी,
यार कूचा-ए-दिल से रवाँ हो गए।

देश के वास्ते कर गए जां फ़िदा,
आज बे क़द्र नामो-निशाँ हो गए।

दास्तां हम सुनायें किसे अब यहाँ,
लोग बहरे सभी अब यहाँ हो गए।

Thursday, 18 September 2014

सफ़र-दर-सफ़र


जिन्दगी रोज़ है कुछ सिखाती हमें,
हौंसले बढ़ रहे हैं सफ़र-दर-सफ़र।

खूब जिनसे रही यार नफ़रत हमें,
आशना हो गये हैं सफ़र-दर-सफ़र।

उम्र भर खीजते-छीजते ही रहे,
मर्ज़ सारे मिटे हैं सफ़र-दर-सफ़र।

अजनबी कुछ मिले थे सफ़र में हमें,
ख़ास वो हो गये हैं सफ़र-दर-सफ़र।

एक ही रोज़ में पेड़ फलते नहीं,
ये मुकम्मल हुये हैं सफ़र-दर-सफ़र।

गमज़दा है जहाँ में हरिक आदमी,
जानने हम लगे हैं सफ़र-दर-सफ़र।

आशनायी जहां से बता किस लिये?
ख़ाक में सब मिले हैं सफ़र-दर-सफ़र।

Wednesday, 17 September 2014

मुक्तक 8


सितारा वहाँ झिलमिला हँस रहा है,
यहाँ तो शिला पे शिला रख खड़ा है।
यही फासला है फ़लक औ जमीं में,
तभी तो फ़लक के सभी आशना है।

Friday, 29 August 2014

है देश की हालत बड़ी नाजुक सुधरनी चाहिए


है देश की हालत बड़ी नाजुक सुधरनी चाहिए,
हर खेत के नजदीक से गंगा गुजरनी चाहिए।

फ़िरदौस ले आना ज़मीं पर काम यह आसां नहीं,
फिर भी मगर यारों हमें कोशिश तो करनी चाहिए।

दौलत मयस्सर है जिन्हें जीते सुकूँ से जिन्दगी,
डूबी हुई कश्ती-ए-मुफलिस भी उभरनी चाहिए।

इस दौर की है ख़ासियत बिलकुल ठहरता ही नहीं,
कुछ पल मगर शाम-ए-सुकूँ बेशक ठहरनी चाहिए।

बढ़ने लगी है रंजिशें सारे जहाँ में दिन-ब-दिन,
गुलशन मुहब्बत का खिले खुशबू बिखरनी चाहिए।

कुछ लोग हैं जिनके इरादा-औ-नज़र नापाक है,
कुछ भी करें इनकी खुमारी तो उतरनी चाहिए।

मक़सद मेरा केवल नहीं है बह्र पर लिखना ग़ज़ल,
आयास है पूरी कि अब हालत सुधरनी चाहिए।

'नीरद' नहीं इफ़रात है केवल गरजना ही यहाँ,
जज़्बे सहित हमको नई शुरुआत करनी चाहिए।

Sunday, 17 August 2014

मुक्तक ८

हाथों में बन्दूकें थामे अपना सीना तान चले,
करने अपनी माँ की सेवा देखो वीर जवान चले।
परवाह नहीं जख्मों की वो चाहे जितने गहरे हों,
दावागीर खड़े दुश्मन की लेने को अब जान चले।

Tuesday, 12 August 2014

मुक्तक 6

जमाने में मुहब्बत की न कोई चीज सानी है,
नियामत है मुहब्बत ख़ास आलिम की जुबानी है।
नजीरे-इश्क देखी है किताबों में हमो-तुमनें,
नहीं मरती मुहब्बत सिर्फ अपना जिस्म फानी है।

मुहब्बत के बिना अपनी अधूरी जिन्दगानी है,
यही कहता कबीरा और मीराँ की जुबानी है।
लिखा है सूर ने ऐसा यही तुलसी बयाँ करते,
मुहब्बत के बिना पर ही किताबे-आसमानी है।

कहीं मजनूँ दिवाना है कहीं लैला दिवानी है,
हरिक दीवार पर लिक्खी मुहब्बत की कहानी है।
खुदाई का मुहब्बत से बड़ा ही ख़ास नाता है,
मुहब्बत से खुदा राज़ी सभी ने बात मानी है।

यही परवाज़ का दम है बहारों की रवानी हैं,
दिवानों ने कहाँ मापा कि कितने हाथ पानी है।
मुख़ालिफ़ हार के बैठे इरादे चूर है सारे,
खिलादे आग में गुलशन मुहब्बत लोकवाणी है।

Saturday, 9 August 2014

कृपा माँ शारदे करना

कृपा माँ शारदे करना तमस मन का मिटा देना,
उजाला ज्ञान का करके इबादत का सिला देना।

अकिंचन साधना-आराधना करते तुम्हारी हैं,
सुबुद्धि को प्रसारित कर अधम से फासिला देना।

विराजो कण्ठ में सारद मधुर-सोहन सुवाणी हो,
शहद में लफ्ज हों भीगे सदा यह सिलसिला देना।

अहिंसा मार्ग पर चलते रहें ताजिन्दगी हम सब,
मुकाबिल जुर्म के हमको अडिग रहना सिखा देना।

कहे 'नीरद' सदाशय जिन्दगी औ मौत हो अपनी,
सहज ही पार हों भव से मुकद्दस ज़ाबिता देना।